विशाखापत्तनम से बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट मंगलवार को बर्ड हिट का शिकार हो गई। फ्लाइट संख्या IX2065 से हवा में एक पक्षी टकरा गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में 148 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग स्टैंड पर ले जाया गया, जहां तकनीकी टीम ने संभावित नुकसान की जांच शुरू की।
इससे पहले 14 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को लेकर अपहरण की आशंका जताई गई थी। विमान ने स्क्वॉक 7500 सिग्नल भेजा था, जो विमान के अपहरण या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में इस्तेमाल होता है। इसके बाद विमान ने जयपुर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की और स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उसे आगे की उड़ान की अनुमति दे दी।
वहीं, 11 अक्टूबर को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को यात्री के पावर बैंक में आग लगने के कारण हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा था। उड़ान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को हैदराबाद में उतारा गया।
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाल के दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने विमानन सुरक्षा और तकनीकी जांच की अहमियत को फिर रेखांकित किया है।


