Punjab

पंजाब में 21 अक्टूबर से सरकारी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान, यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पंजाब रोडवेज, PRTC और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार कई बार बैठकें कर मांगें पूरी करने का भरोसा दे चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया।

पंजाब रोडवेज, PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल के मुताबिक, पिछले छह महीनों में ट्रांसपोर्ट विभाग से जुड़ी मांगों को लेकर सरकार के साथ सात से आठ बैठकें हो चुकी हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इसी के विरोध में यूनियन ने हड़ताल का फैसला लिया है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करना और ठेकेदारों व बिचौलियों की भूमिका खत्म करना शामिल है। यूनियन चाहती है कि कर्मचारियों को सीधे परिवहन विभाग के अधीन लाया जाए। रेशम सिंह गिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भी ठेकेदारों को हटाकर कर्मचारियों को सीधे सरकार के अधीन लाने की बात कही थी, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

यूनियन ने मांगों को लेकर स्पष्ट अधिसूचना जारी करने की मांग की है। हड़ताल की तैयारी के तहत 20 अक्टूबर की दोपहर से बसों को रात की ड्यूटी पर भेजने से रोकने और वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। ऐसे में 21 अक्टूबर से बस सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है और यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ सकता है।