क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ग्राहक को कथित तौर पर एक्सपायरी डेट वाला बेसन डिलीवर करने के मामले में कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके अलावा, भ्रामक लेबलिंग और विज्ञापनों को लेकर कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
FSSAI के मुताबिक, एक ग्राहक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शिकायत की थी कि Zepto ने उसे बेसन के दो पैकेट डिलीवर किए, जिन पर इस्तेमाल की अंतिम तारीख 12 सितंबर 2026 लिखी थी। ग्राहक के आरोप के अनुसार, डिलीवरी के समय दोनों पैकेट की मियाद समाप्त हो चुकी थी।
प्राधिकरण ने कंपनी से शिकायत की जांच करने और ऑर्डर, डिलीवरी, गोदाम, विक्रेता तथा उत्पाद से जुड़ी जानकारी देने को कहा है। साथ ही, संबंधित स्टॉक हटाने, ग्राहक को सूचित करने, रिफंड देने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा भी मांगा गया है।
FSSAI ने Storia Foods and Beverages के अनार जूस की लेबलिंग को कथित तौर पर भ्रामक पाया। प्राधिकरण के अनुसार, उत्पाद में 4 प्रतिशत अनार का गाढ़ा रस और 12 प्रतिशत सेब के जूस का गाढ़ा रस था। इसके बावजूद लेबल पर किए गए दावे और उत्पाद की तस्वीर उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते थे। ‘100 प्रतिशत फलों के जूस के समान’ और ‘नो एडेड शुगर’ जैसे दावों पर भी सवाल उठाए गए हैं। कंपनी के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई।
FSSAI ने HealthyHey Foods LLP को क्रैनबेरी अर्क से जुड़े दावों, BakeLite Food Processing को ‘पुनेरी क्रीम रोल’ की लेबलिंग और विज्ञापन तथा BMS Lifescience को क्रैनबेरी कैप्सूल से संबंधित कथित भ्रामक दावों के मामले में नोटिस जारी किए हैं।


