तमिलनाडु में टीवीके (TVK) सरकार अपना पहला पूर्ण बजट पेश करने जा रही है, जिसकी शुरुआत 5 अगस्त को आम बजट से होगी। इसके ठीक अगले दिन यानी 6 अगस्त को कृषि मंत्री आर. विनोद राज्य का अलग कृषि बजट सदन में पेश करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य खेती की लागत को घटाना और किसानों को सीधी आर्थिक मदद पहुंचाना है। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में जारी श्वेत पत्र के मुताबिक तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और कुल देनदारियां 13.18 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी हैं।
इस भारी वित्तीय संकट के बावजूद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार रोककर बचाई गई राशि से किसान और जनकल्याण की योजनाएं बिना किसी रुकावट के जारी रखी जाएंगी। इस विशेष कृषि बजट में छोटे और सीमांत किसानों को ध्यान में रखते हुए लक्षित सब्सिडी, नई कृषि तकनीक, सिंचाई और कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का पूरा खाका तैयार किया गया है। सीमित संसाधनों और भारी आर्थिक दबाव के बीच चुनावी वादों को जमीन पर उतारने वाली टीवीके सरकार के लिए यह बजट एक बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।


