Delhi

UPSC CMS 2025: इंटरव्यू शेड्यूल जारी, 13 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होंगे साक्षात्कार

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने संयुक्त मेडिकल सेवा परीक्षा (CMS) 2025 के इंटरव्यू का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने लिखित परीक्षा पास की है, वे अब व्यक्तित्व परीक्षण में शामिल होंगे। इंटरव्यू 13 अक्टूबर से शुरू होकर 21 नवंबर 2025 तक आयोजित होंगे। कुल 2045 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।

इंटरव्यू दो सत्रों में होंगे। सुबह के सत्र के लिए रिपोर्टिंग समय 9:00 बजे और दोपहर के सत्र के लिए 1:00 बजे निर्धारित किया गया है। यह साक्षात्कार उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

यूपीएससी जल्द ही सभी उम्मीदवारों के लिए ई-समन पत्र जारी करेगा, जिसे आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in से डाउनलोड किया जा सकेगा। इंटरव्यू के लिए बुलाए गए उम्मीदवारों को यात्रा भत्ते की सुविधा भी मिलेगी, जो द्वितीय/स्लीपर श्रेणी के रेल किराए तक सीमित होगी।

उम्मीदवार इंटरव्यू शेड्यूल देखने के लिए UPSC की वेबसाइट पर जाकर ‘UPSC CMS 2025 Interview Schedule’ लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। नई PDF में तिथियों और विवरण की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। आयोग ने सभी उम्मीदवारों से समय पर साक्षात्कार स्थल पर पहुंचने और ई-समन पत्र साथ लाने की अपील की है।