Delhi National

INDIA ब्लॉक के मार्च से दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, सुप्रीम कोर्ट की ओर कूच के चलते कई रास्तों पर पाबंदियां

राजधानी दिल्ली में सोमवार को INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रदर्शन के कारण कई प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, ISBT, रेलवे स्टेशन और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को घर से पर्याप्त समय पहले निकलना चाहिए, ताकि रास्ते में होने वाली देरी से बचा जा सके। यातायात की स्थिति के अनुसार प्रतिबंधों और डायवर्जन में बदलाव भी किया जा सकता है। वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

इन प्रमुख रास्तों पर जाने से बचें

एडवाइजरी के अनुसार, पंचकुइयां गोल चक्कर, मंडी हाउस, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, कनॉट प्लेस के आसपास के हिस्सों, रेल भवन गोल चक्कर, पटेल चौक, संसद मार्ग, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और RML अस्पताल गोल चक्कर सहित कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोल चक्कर, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के आसपास भी यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

SIR और वोट चोरी के आरोपों को लेकर मार्च

INDIA ब्लॉक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का ऐलान किया है। राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्षी नेता लोकतंत्र और संविधान के समर्थन में एकजुट होकर मार्च करेंगे तथा मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपने का प्रयास करेंगे। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखें और संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना बनाएं।