श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में नकद चढ़ावे की गिनती अब जल्द ही मैन्युअल तरीके से नहीं की जाएगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के लिए कैश रीसाइक्लर मशीनों की स्थापना शुरू कर दी है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने बताया कि अगले करीब 15 दिनों में नई व्यवस्था पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य है। मनोज सिन्हा के अनुसार, दो कैश रीसाइक्लर मशीनें पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि बाकी मशीनें भी जल्द लगा दी जाएंगी। नई तकनीकी व्यवस्था लागू होने के बाद नकदी की गिनती और प्रबंधन में श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों या बैंक अधिकारियों की सीधी भूमिका समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल नोटों की गिनती को मशीनों से कराना नहीं है, बल्कि पूरी प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को कम करके इसे अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। मैन्युअल गिनती बंद करने का सुझाव श्राइन बोर्ड के एक सदस्य ने बैठक के दौरान दिया था। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की सुरक्षा और नकदी प्रबंधन को लेकर उठने वाले सवालों के बीच यह कदम वैष्णो देवी मंदिर प्रशासन की महत्वपूर्ण तकनीकी पहल माना जा रहा है।


