Business

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी 10 हजार तो सोना 4 हजार रुपये तक टूटा

कमोडिटी बाजार में शुक्रवार रात अचानक आई भारी बिकवाली ने सोने और चांदी की कीमतों को जोरदार झटका दिया। दोनों कीमती धातुओं के भाव पिछले 12 महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गए। चांदी की कीमत में एक ही दिन में 10 हजार रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी करीब 4,200 रुपये तक सस्ता हो गया। लंबे समय से सोने-चांदी के दाम घटने का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए यह राहत भरी खबर हो सकती है।

MCX पर अचानक आई बड़ी गिरावट

शुक्रवार रात करीब 8 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार के दौरान अचानक तेज बिकवाली शुरू हो गई। दिसंबर वायदा चांदी का भाव लगभग 5 फीसदी टूटकर 1.79 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गया। वहीं, सोने की कीमत में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई और यह 4,200 रुपये सस्ता होकर 1,38,250 से 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतें लुढ़कीं

विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी पर दबाव देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3.3 फीसदी से ज्यादा गिरकर करीब 3,880 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। वहीं चांदी में 5 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव 49 से 49.70 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया।

IBJA ने जारी किए नए भाव

IBJA के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट की 1.28 लाख रुपये और 18 कैरेट की कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये रह गई है। वहीं, 999 शुद्धता वाली चांदी का भाव 1,81,344 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।

आखिर क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे निवेशकों की मुनाफावसूली के साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़े भी जिम्मेदार हैं। अमेरिका में बेहतर जीडीपी आंकड़ों, महंगाई की चिंता, मजबूत डॉलर और बढ़ती ट्रेजरी यील्ड ने सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ाया है। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें ऊंची रखने के संकेतों ने भी निवेशकों का रुख बदल दिया है।