Tamil Nadu

तमिलनाडु में TASMAC कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य, मिलेगा सालाना ₹6,000

तमिलनाडु सरकार ने राज्य में शराब की बिक्री करने वाले सरकारी कॉरपोरेशन TASMAC के कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म को अनिवार्य करने का फैसला लिया है। नया ड्रेस कोड 15 नवंबर से लागू होगा। इसके तहत राज्य की 4,048 खुदरा दुकानों में कार्यरत करीब 22,877 कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी पहननी होगी। सरकार ने यूनिफॉर्म तैयार कराने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को सालाना 6,000 रुपये का भत्ता देने की मंजूरी दी है।

निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार सुपरवाइजर हल्के नीले रंग की शर्ट के साथ नेवी ब्लू ट्राउजर पहनेंगे। सेल्समैन और असिस्टेंट सेल्समैन के लिए बेज रंग की शर्ट और डार्क ग्रे ट्राउजर तय किए गए हैं। सभी कर्मचारियों की शर्ट पर बाईं ओर छाती के पास TASMAC का लोगो लगाना अनिवार्य होगा। शर्ट को टक-इन या टक-आउट, दोनों तरह से पहनने की अनुमति होगी।

सरकारी निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों को स्वीकृत कपड़ा 31 अक्टूबर 2026 तक सरकारी Co-Optex आउटलेट से खरीदना होगा, जबकि यूनिफॉर्म की सिलाई 10 नवंबर 2026 तक पूरी करनी होगी।सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि भत्ता लेने के बावजूद बिना उचित कारण यूनिफॉर्म नहीं पहनने वाले कर्मचारियों से 6,000 रुपये की राशि वापस ली जा सकती है। ऐसे मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। नवंबर से अधिकारियों द्वारा ड्रेस कोड के पालन की जांच शुरू की जाएगी।