National

InnoTrans 2026 में ग्लोबल डेब्यू करेगी DMIL, अंतरराष्ट्रीय बाजार में दिखाएगी दिल्ली मेट्रो की विशेषज्ञता

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (DMIL) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। कंपनी जर्मनी के बर्लिन में आयोजित होने वाले InnoTrans 2026 में पहली बार वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। इस दौरान DMIL शहरी परिवहन के क्षेत्र में अपने अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता और सेवाओं को दुनिया के सामने पेश करेगी। InnoTrans रेल परिवहन उद्योग से जुड़ा दुनिया का प्रमुख द्विवार्षिक ट्रेड फेयर है। इसमें दुनियाभर की ट्रांजिट अथॉरिटीज, इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियां, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स, ऑपरेटर और मोबिलिटी सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेते हैं। DMIL इस मंच का उपयोग ऑपरेशंस एवं मेंटेनेंस (O&M), कंसल्टेंसी, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और एडवाइजरी सेवाओं में अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए करेगी।

कंपनी के मुताबिक, आयोजन के दौरान वैश्विक शहरी परिवहन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के साथ संभावित साझेदारी और नए कारोबारी अवसरों पर चर्चा की जाएगी। DMIL का लक्ष्य अपने व्यावहारिक परिचालन अनुभव और इंजीनियरिंग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। DMIL के सीईओ संजय जमुआर ने कहा कि InnoTrans 2026 DMRC और DMIL के अनुभव को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कंपनी अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ दुनिया में अपनाई जा रही बेहतर परिवहन प्रणालियों से सीखने पर भी जोर देगी। DMIL भारत और विदेशों में मेट्रो, रेल और शहरी परिवहन परियोजनाओं के लिए O&M, कंसल्टेंसी, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और एडवाइजरी सेवाएं उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 416 किलोमीटर से अधिक लंबा है और इसमें 300 से ज्यादा स्टेशन हैं। प्रतिदिन करीब 65 लाख यात्री दिल्ली मेट्रो की सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।