Tamil Nadu

तमिलनाडु में शुरू हुई ‘थाईमामन थंगा मोधिरम’ योजना, नवजातों को गिफ्ट में मिली गोल्ड रिंग

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल से नवजात बच्चों के लिए ‘थाईमामन थंगा मोधिरम’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी। लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 25 नवजात शिशुओं को अंगूठियां भेंट कीं और उनके परिवारों से मुलाकात की।

सरकार के मुताबिक, योजना के तहत 22 जून 2026 या उसके बाद जन्मे पात्र बच्चों को लाभ मिलेगा। इसके लिए मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना और PICME के तहत पंजीकरण के साथ RCH ID होना जरूरी है। पहले चरण में सरकार ने 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार कराई हैं। प्रत्येक अंगूठी पर यूनिक सीरियल नंबर अंकित है और इन्हें सुरक्षित पैकेजिंग में रखा गया है।

इस योजना का नाम तमिल परंपरा में मां के भाई यानी ‘थाईमामन’ की भूमिका से जुड़ा है, जो बच्चे के जन्म पर उपहार देने की परंपरा निभाते हैं। सरकार ने योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। शुरुआती अवधि में 22 जून से 27 सितंबर तक जन्मे पात्र बच्चों के लिए राज्यभर में 107 वितरण केंद्र बनाए गए हैं।