National

भारतीय रेलवे खत्म कर सकता है दशकों पुरानी RAC सुविधा, पूरा किराया लेकर आधी बर्थ देने पर उठे सवाल

भारतीय रेलवे अपनी दशकों पुरानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) व्यवस्था को खत्म करने या उसमें बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को कन्फर्म बर्थ नहीं मिलने पर भी ट्रेन में सफर करने की अनुमति दी जाती है। हालांकि, RAC टिकट वाले दो यात्रियों को एक ही साइड लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है। खास बात यह है कि दोनों यात्रियों से पूरा किराया लिया जाता है। इसी मुद्दे को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेलवे मंत्रालय यात्रियों की सुविधा और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की व्यावहारिकता को देखते हुए RAC नियमों की समीक्षा कर रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि जब किसी यात्री को सोने के लिए पूरी बर्थ नहीं मिलती, तो उससे पूरा किराया वसूलना उचित है या नहीं, इस पर विचार किया जा रहा है।

संसदीय समिति ने भी उठाए सवाल

RAC व्यवस्था को लेकर एक संसदीय समिति ने भी चिंता जाहिर की है। समिति का कहना है कि जब दो यात्रियों को एक ही बर्थ साझा करनी पड़ती है, तो उनसे पूरा किराया क्यों लिया जाता है। समिति ने रेलवे को इस व्यवस्था की समीक्षा करने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, एक पुरुष और महिला यात्री को एक ही साइड लोअर बर्थ मिलने पर असहज स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में TTE के लिए दूसरी बर्थ उपलब्ध कराना भी मुश्किल हो जाता है, खासकर जब ट्रेन पूरी तरह भरी हो।

क्या है RAC और क्यों हुई थी शुरुआत?

RAC यानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन ऐसी टिकट श्रेणी है, जिसमें यात्री को रिजर्व कोच में सफर करने की अनुमति मिलती है, लेकिन शुरुआत में पूरी बर्थ नहीं मिलती। दो RAC यात्रियों को एक साइड लोअर बर्थ दी जाती है। यदि कोई कन्फर्म टिकट रद्द होता है, तो खाली हुई बर्थ RAC यात्री को आवंटित की जा सकती है। इस व्यवस्था की शुरुआत खाली रह जाने वाली बर्थ का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए हुई थी। कंप्यूटराइज्ड रिजर्वेशन सिस्टम आने के बाद भी इसे जारी रखा गया। हालांकि, फिलहाल RAC को खत्म करने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।