World

बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने की मांग की है। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत आईं हसीना का यह पहली बार बांग्लादेशी अधिकारियों से इस तरह का संपर्क बताया जा रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन की कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स से जुड़े उनके वकीलों ने सोमवार को नई दिल्ली में बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र सौंपा। इसमें कहा गया है कि हसीना का पुराना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द किए जाने की खबरों के मद्देनजर उन्हें नए दस्तावेज जारी किए जाएं। वकीलों ने इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की अपील की है।

रिपोर्ट के अनुसार, हसीना बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। हालांकि, उनकी वापसी की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उनके सहयोगियों का कहना है कि जरूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसकी घोषणा की जाएगी। हसीना की संभावित वापसी ऐसे समय हो रही है, जब उनके खिलाफ बांग्लादेश में गंभीर कानूनी मामले चल रहे हैं। नवंबर 2025 में वहां की युद्ध-अपराध अदालत ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई से जुड़े मामले में उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। हसीना इन आरोपों को खारिज कर चुकी हैं।

गौरतलब है कि जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन धीरे-धीरे देशव्यापी विरोध में बदल गया था। बढ़ते प्रदर्शनों के बीच 5 अगस्त 2024 को हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया और भारत आ गईं। इस बीच, बांग्लादेश कई बार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुका है। भारत ने कहा है कि इस मामले पर कानूनी प्रक्रियाओं के तहत विचार किया जा रहा है। ऐसे में हसीना की संभावित वापसी दोनों देशों के राजनीतिक और राजनयिक संबंधों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।