तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां POCSO मामले के आरोपी ने छह लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतकों में 16 वर्षीय किशोरी, उसकी मां, दादी, आरोपी की पत्नी और उसके दो मासूम बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात आरोपी कार से शबाद कस्बे पहुंचा और उस किशोरी के घर गया, जिसके परिवार ने उसके खिलाफ POCSO के तहत मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही उसने किशोरी की मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर घर के अंदर जाकर उसकी बुजुर्ग दादी की हत्या कर दी। इसके बाद वह किशोरी को जबरन अपनी कार में बैठाकर गांव के पास स्थित एक झील के किनारे ले गया, जहां उसकी भी चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर अपने घर लौट आया। पुलिस के मुताबिक, घर में मौजूद किशोरी की मानसिक रूप से दिव्यांग बहन को उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
इसके कुछ ही देर बाद आरोपी ने अपने घर में सो रही पत्नी और डेढ़ तथा चार साल के दो बेटों की भी धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मई में POCSO के तहत मामला दर्ज हुआ था और उसे अग्रिम जमानत मिल चुकी थी। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की सटीक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।


