Maharashtra

नागपुर में RSS मुख्यालय को ‘रेडिएशन’ धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला; अलर्ट जारी

नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय और स्मृतिमंदिर को रेडिएशन हमले की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त को भेजे गए एक गुमनाम पत्र में ‘डीएसएस’ नाम के संगठन ने दावा किया कि संवेदनशील स्थानों पर खतरनाक रेडियोएक्टिव पदार्थ ‘सीजियम-137’ डाला गया है, जिससे स्वयंसेवकों को नुकसान पहुंच सकता है। धमकी के बाद एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और परमाणु विशेषज्ञों के साथ मिलकर RSS मुख्यालय, रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृतिमंदिर, मेट्रो स्टेशन और अन्य संदिग्ध जगहों की गहन जांच की। हालांकि जांच में कहीं भी कोई रेडियोएक्टिव पदार्थ या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे फिलहाल राहत की सांस ली गई है।

पत्र में दोसरभवन चौक के पास डेटोनेटर रखने का भी दावा किया गया था और इसे “चेतावनी” बताते हुए आगे बड़े हमले की धमकी दी गई। कुछ दिन पहले इसी इलाके में विस्फोटक सामग्री मिलने की घटना के बाद इस खतरे को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह किसी की शरारत है या फिर किसी बड़े साजिश का हिस्सा। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।