World

मानचित्र में जम्मू-कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान का हिस्सा, नेपाल एयरलाइंस ने विरोध के बाद माफी मांगी

नेपाल की सरकारी एयरलाइन Nepal Airlines एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में आ गई, जब उसने अपने नेटवर्क रूट मैप में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया। यह पोस्ट जैसे ही एक्स और फेसबुक पर सामने आई, भारत में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई और देखते ही देखते #BoycottNepalAirlines ट्रेंड करने लगा। कई यूजर्स ने Ministry of External Affairs और विमानन मंत्रालय से इस मामले पर कड़ा रुख अपनाने की मांग की।

विवाद बढ़ने पर एयरलाइन ने 24 घंटे के भीतर पोस्ट हटा दी और इसे “तकनीकी गलती” बताते हुए माफी जारी की। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह नक्शा अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सही तरीके से नहीं दर्शाता था और यह उसके आधिकारिक रुख को प्रतिबिंबित नहीं करता। साथ ही, मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की बात भी कही गई।

इस मुद्दे पर कई भारतीयों ने नाराजगी जताई, जिनमें भोजपुरी अभिनेता Khesari Lal Yadav भी शामिल रहे। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए सवाल उठाया कि क्या यह जानबूझकर किया गया कदम था। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब नेपाल एयरलाइंस भारत में अपनी सेवाएं बढ़ाने की योजना बना रही है। हाल ही में उसने काठमांडू-दिल्ली रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने का संकेत दिया था। फिलहाल इस रूट पर रोज एक उड़ान संचालित हो रही है, जिसे बढ़ाकर सप्ताह में 10 उड़ानें करने की योजना है।