Delhi

रेखा सरकार का बड़ा फैसला, दिल्ली में ATF पर VAT 25% से घटाकर 7% किया गया

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने एविएशन सेक्टर को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को 25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से एयरलाइन कंपनियों की लागत कम होगी और यात्रियों को भी सस्ते हवाई किराए का फायदा मिल सकता है।

दरअसल, ATF एयरलाइंस के संचालन खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है। लंबे समय से एयरलाइन कंपनियां और एविएशन इंडस्ट्री टैक्स में कटौती की मांग कर रही थीं। उनका कहना था कि दिल्ली में ATF पर अधिक VAT होने के कारण उड़ानों की लागत बढ़ रही है, जिससे टिकट महंगे हो जाते हैं और एयरलाइंस पर आर्थिक दबाव बढ़ता है।

सरकार का कहना है कि नई टैक्स दर शुरुआती तौर पर छह महीने के लिए लागू की जाएगी। इस दौरान इसके प्रभाव का आकलन किया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार भी ATF पर टैक्स कम कर चुकी है, जिसके बाद वहां उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में दिल्ली सरकार का यह फैसला एयरलाइन कंपनियों के लिए राहत लेकर आया है। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने और राजधानी को एक मजबूत एविएशन हब के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है। एविएशन इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का कहना है कि टैक्स में यह कटौती घरेलू उड़ानों को बढ़ावा देगी और एयरलाइंस को बेहतर संचालन में सहायता मिलेगी।