Reserve Bank of India (RBI) ने ग्रेड B ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत सामान्य, डीईपीआर और डीएसआईएम विभागों में कुल 60 पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 20 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पदों के विवरण के अनुसार, ग्रेड B ऑफिसर (जनरल) के 40 पद, डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक एंड पॉलिसी रिसर्च (DEPR) के 10 पद और डिपार्टमेंट ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट (DSIM) के 10 पद शामिल हैं। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू। प्रारंभिक परीक्षा 13 और 14 जून को, जबकि मुख्य परीक्षा 25 और 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो जनरल पद के लिए न्यूनतम 60% अंकों के साथ स्नातक या 55% अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य है। वहीं DEPR और DSIM पदों के लिए अर्थशास्त्र, सांख्यिकी या संबंधित विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन आवश्यक है। उम्मीदवारों की आयु सीमा 21 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। इस पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन पैकेज मिलेगा, जिसमें मासिक सैलरी 1.50 लाख रुपये तक हो सकती है। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।









