स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) ने 12वीं पास युवाओं के लिए कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (CHSL) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2536 पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
किस पद पर कितनी सैलरी?
SSC CHSL भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान अलग निर्धारित किया गया है।
लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA): 19,900 से 63,200 रुपये प्रतिमाह
डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO): 29,200 से 92,300 रुपये प्रतिमाह
डाटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड-ए: 25,500 से 81,100 रुपये प्रतिमाह
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष तक की छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
SSC CHSL के विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान 100 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
कैसे होगा चयन?
CHSL भर्ती में उम्मीदवारों का चयन टियर-1 और टियर-2 परीक्षा के जरिए किया जाएगा। टियर-1 परीक्षा में अंग्रेजी, जनरल इंटेलिजेंस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और जनरल अवेयरनेस से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। टियर-1 में कुल 100 प्रश्न 200 अंकों के होंगे और परीक्षा के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा। गलत उत्तर देने पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026 से पहले ऑनलाइन फॉर्म जरूर भर देना चाहिए।


