साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म का ट्रेलर मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया, जिसमें राम चरण, जान्हवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा, बोमन ईरानी, रवि किशन और संगीतकार एआर रहमान सहित कई प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। ट्रेलर में राम चरण एक पहलवान की दमदार भूमिका में नजर आ रहे हैं, जहां उनका आक्रामक और इंटेंस अवतार दर्शकों को प्रभावित करता है। वहीं जान्हवी कपूर उनकी अपोजिट किरदार में दिखाई देती हैं, जबकि दिव्येंदु शर्मा भी एक अहम और एक्शन से भरपूर भूमिका निभाते नजर आते हैं। फिल्म में बोमन ईरानी और रवि किशन जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
यह फिल्म एक पैन इंडिया प्रोजेक्ट है, जिसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर लॉन्च के बाद अब मेकर्स 23 मई को भोपाल में होने वाले म्यूजिक इवेंट की तैयारी में जुटे हैं, जहां फिल्म का एक स्पेशल सॉन्ग लॉन्च किया जाएगा और एआर रहमान लाइव परफॉर्म भी करेंगे। फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इससे पहले ही इसका प्रमोशन जोर-शोर से जारी है। राम चरण की पिछली फिल्म ‘गेम चेंजर’ के फ्लॉप होने के बाद ‘पेद्दी’ उनके करियर के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिससे दर्शकों और मेकर्स दोनों को काफी उम्मीदें जुड़ी हैं।









