ब्रिटेन की स्थानीय राजनीति में एक भारतीय मूल के युवा नेता ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। लेबर पार्टी से जुड़े काउंसलर तुषार कुमार को हर्टफोर्डशायर के एल्स्ट्री और बोरेहमवुड टाउन का नया मेयर नियुक्त किया गया है। 23 वर्ष की उम्र में यह पद संभालते ही वह ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं।
यह नियुक्ति “मेयर मेकिंग सेरेमनी” के दौरान फेयरवे हॉल में औपचारिक रूप से की गई, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तुषार कुमार ने बहुत कम उम्र में राजनीति में कदम रखा था। मात्र 20 साल की उम्र में वे पहली बार काउंसलर चुने गए और बाद में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी भी संभाली।
उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से पॉलिटिकल साइंस में पढ़ाई की है। तुषार अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां परवीन रानी को देते हैं, जिन्होंने उन्हें सार्वजनिक सेवा और राजनीति की ओर प्रेरित किया। मेयर बनने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इतनी कम उम्र में यह जिम्मेदारी मिलना उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।
तुषार कुमार न केवल राजनीति में सक्रिय हैं, बल्कि वे ब्रिटिश-भारतीय बच्चों को मुफ्त हिंदी कक्षाएं भी देते हैं, ताकि नई पीढ़ी अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ी रहे। इसके अलावा वे स्थानीय भारतीय समुदाय के साथ मिलकर दिवाली, होली, गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
नई जिम्मेदारी के साथ उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं भी साझा की हैं, जिनमें समुदाय से निरंतर जुड़ाव, स्थानीय चैरिटी संस्थाओं का समर्थन और युवाओं को राजनीति व सार्वजनिक सेवा के लिए प्रेरित करना शामिल है। विशेषज्ञों का मानना है कि Tushar Kumar जैसी युवा हस्तियों का उभरना ब्रिटेन में भारतीय समुदाय की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और प्रभाव को दर्शाता है।









