आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में इस फैसले की जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि यह कदम आपसी सहमति, समझ और सम्मान के साथ उठाया गया है। पवन और अन्ना ने स्पष्ट किया कि भले ही उनका वैवाहिक रिश्ता अब खत्म हो रहा है, लेकिन दोनों के बीच दोस्ती और आपसी सम्मान बना रहेगा। वे अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। बच्चों की खुशी और उनका भविष्य दोनों के लिए सबसे महत्वपूर्ण रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से इस मुश्किल समय में उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की।
पवन कल्याण की तीन शादियां
पवन कल्याण की पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से हुई थी। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। अगस्त 2008 में फैमिली कोर्ट ने उनका तलाक कानूनी रूप से मंजूर कर दिया।इसके बाद पवन कल्याण की नजदीकियां अभिनेत्री रेणु देसाई से बढ़ीं। दोनों की मुलाकात साल 2000 में फिल्म ‘बद्री’ के सेट पर हुई थी। 28 जनवरी 2009 को उन्होंने शादी कर ली। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे अकीरा नंदन और आध्या हैं। हालांकि, 2012 में दोनों का तलाक हो गया। साल 2013 में पवन कल्याण ने रूसी मूल की अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की। इस शादी से उनके दो बच्चे पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं।
फिल्मों से राजनीति तक का सफर
पवन कल्याण ने 1996 में फिल्म ‘अक्कडा अम्मायी इक्कडा अब्बायी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। साल 2014 में उन्होंने जन सेना पार्टी की स्थापना की। 2019 के चुनाव में उन्हें दोनों सीटों पर हार मिली, लेकिन 2024 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत के बाद उन्होंने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की। 14 जून 2024 को उन्होंने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।


