National Politics

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर राहुल गांधी का EC पर तीखा हमला, BJP-RSS पर भी साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर सामने आई ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए और ‘वोट चोरी’ को भारतीय जनता के खिलाफ अपराध तथा संविधान पर सीधा हमला बताया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि BJP, RSS और चुनाव आयोग ने मिलकर कथित तौर पर ‘वोट चोरी’ को अंजाम दिया है। उन्होंने इसे ‘देशद्रोह का कार्य’ बताते हुए कहा कि इस मामले में न्याय होगा। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग और उसके अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो कुछ किया जा रहा है, वह गलत है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि समय आने पर उन्हें जवाब देना होगा।

कांग्रेस ने भी राहुल गांधी के वीडियो को X पर साझा करते हुए BJP और निर्वाचन आयोग पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने की साजिश का आरोप लगाया। पार्टी ने ‘वोट चोरी’ को लोकतंत्र के लिए गंभीर मुद्दा बताया। राहुल गांधी लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और चुनावी डेटा से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। हालांकि, चुनाव आयोग राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों को पहले ही खारिज कर चुका है। आयोग ने इन आरोपों को गलत और निराधार बताया है। ऐसे में राहुल गांधी के ताजा आरोपों के बाद चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।