Tamil Nadu

तमिलनाडु में विजय सरकार की तैयारी तेज, CPM-CPI ने दिया समर्थन, राज्यपाल से मिलेंगे थलापति

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अभिनेता-राजनेता थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) अब राज्य में सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच गई है। कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK जैसे दलों ने TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें हासिल कीं। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी, लेकिन बाद में कांग्रेस के पांच विधायकों ने समर्थन देकर पार्टी की ताकत 113 तक पहुंचा दी। शुक्रवार को CPI और CPI(M) ने भी बिना शर्त समर्थन का एलान कर दिया। दोनों दलों के पास दो-दो विधायक हैं, जिससे TVK का आंकड़ा अब 117 तक पहुंच गया है। VCK के समर्थन की भी चर्चा तेज है, जिससे बहुमत का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।

CPI के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और तमिलनाडु की जनता ने TVK पर भरोसा जताया है। इसी आधार पर उनकी पार्टी ने समर्थन देने का निर्णय लिया है। CPI(M) ने भी विजय के नेतृत्व में सरकार गठन का समर्थन किया है।

सूत्रों के मुताबिक, TVK प्रमुख विजय जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। यह राज्यपाल के साथ उनकी तीसरी बैठक होगी। इससे पहले हुई बैठकों में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था। इस बीच, AIADMK नेताओं के साथ भी TVK की बातचीत जारी है। पुडुचेरी के एक रिजॉर्ट में दोनों दलों के बीच संभावित सहयोग को लेकर चर्चा होने की खबरों ने राज्य की राजनीति को और दिलचस्प बना दिया है।