पंजाब में कथित पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी ने पंजाब सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि पंजाब में हाल के वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं में पेपर लीक की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।
बीजेपी इससे पहले भी इस मुद्दे को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन कर चुकी है। 28 जुलाई को पार्टी सांसदों ने ‘पंजाब पेपर लीक पर जवाब दो’ के नारे लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा था। वहीं, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने भी आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है।
अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पंजाब में कथित परीक्षा घोटालों की सीबीआई जांच की मांग की है। कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाबदेही तय करने और इस्तीफा देने की मांग उठाई है। विपक्षी दलों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


