National Punjab

झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर पंजाब में प्रदर्शन, CM और DGP के इस्तीफे की उठी मांग

मानसा के परविंदर सिंह उर्फ झोटा हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रविवार को पंजाब के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए गए। इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इन प्रदर्शनों में भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां, किसान यूनियन सिद्धूपुर सहित कई संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने झाड़ू जलाकर पंजाब सरकार के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया और परिवार को जल्द इंसाफ दिलाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान किसान संगठनों के नेताओं ने कहा कि झोटा के परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ राज्य में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उनका कहना था कि पंजाब में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है और इस पर लगाम लगाने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान नेता शिंगारा सिंह ने कहा कि झोटा के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई में किसान संगठनों के साथ समाज के अन्य वर्ग भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलने तक संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।

वहीं, जगदीश सिंह ने कहा कि आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का इस्तीफा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार अन्य मांगों पर विचार कर सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे की मांग पूरी किए बिना आंदोलन समाप्त होने की संभावना नहीं है। जगदीश सिंह ने राज्य की कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री को पद छोड़ देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि झोटा के परिवार को न्याय दिलाने और पंजाब में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करवाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।