Tamil Nadu

CM जोसेफ विजय के तलाक मामले में नया मोड़, पत्नी संगीता ने कोर्ट से वापस ली याचिका

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच चल रहे तलाक मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में संगीता ने अपनी तलाक याचिका वापस लेने का फैसला किया, जिसके बाद अदालत ने मामले का निपटारा कर दिया।

सुनवाई के दौरान संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश हुईं और याचिका वापस लेने के कारणों से अदालत को अवगत कराया। हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस फैसले की वजह साझा नहीं की। इससे पहले कोर्ट ने 15 जून को मामले की सुनवाई स्थगित करते हुए अगली तारीख 7 अगस्त तय की थी।

संगीता ने फरवरी 2026 में स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की अर्जी दायर की थी। जानकारी के अनुसार, उन्होंने याचिका में वैवाहिक मतभेद, कथित मानसिक क्रूरता, उपेक्षा और पति के कथित विवाहेतर संबंध जैसे आरोप लगाए थे। इन आरोपों पर मुख्यमंत्री विजय की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

विजय और संगीता की शादी 1998 में ब्रिटेन में पंजीकृत हुई थी, जबकि 1999 में चेन्नई में पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न हुआ। दंपति के दो बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से संगीता के सार्वजनिक कार्यक्रमों में विजय के साथ नजर न आने के कारण अलगाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब तलाक याचिका वापस लेने के फैसले ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।