Uttar Pradesh

माघ मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने लॉन्च किया ‘मेला रेल सेवा’ डिजिटल पोर्टल

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 3 जनवरी से माघ मेला 2026 की शुरुआत होने जा रही है, जो 15 फरवरी तक चलेगा। लाखों श्रद्धालुओं के संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। महाकुंभ 2025 की तर्ज पर इस बार भी यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने एक नया डिजिटल पोर्टल ‘मेला रेल सेवा–2026’ शुरू किया है। रेलवे द्वारा लॉन्च किया गया यह पोर्टल श्रद्धालुओं को घर बैठे ही सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

एक ही प्लेटफॉर्म पर ट्रेन से जुड़ी जानकारी, यात्री सुविधाएं, स्टेशन गाइड, मेडिकल सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी। इससे माघ मेले के दौरान यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही रेलवे ने ‘मेला रेल सेवा’ मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। यह ऐप यात्रियों को ट्रेन की स्थिति, मेला क्षेत्र में नेविगेशन, होटल की जानकारी, मेडिकल हेल्प और खोया-पाया केंद्र जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।

डिजिटल व्यवस्था के जरिए श्रद्धालु अपनी यात्रा को बेहतर तरीके से प्लान कर सकेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना है। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और यात्री सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।