मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस विभाग में खेल कोटे से सीधी भर्ती को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में अहम संशोधन किए हैं, जिनकी अधिसूचना 15 जून को जारी कर दी गई।
नए नियमों के तहत अब हर साल पुलिस मुख्यालय द्वारा आरक्षक और उप निरीक्षक (SI) पदों के लिए खेल कोटे की भर्ती निकाली जाएगी। इस व्यवस्था से राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अन्य राज्यों की ओर रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने ही प्रदेश में सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।
संशोधित प्रावधानों के अनुसार, चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड (जैसे ऊंचाई), लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) से छूट दी जाएगी। भर्ती में खिलाड़ियों का चयन सीधे उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा।
उप निरीक्षक पद के लिए वे खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप में भाग लिया हो या पदक जीते हों। वहीं आरक्षक पद के लिए राष्ट्रीय और अधिकृत राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ी पात्र होंगे।
इसके अलावा ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी भर्ती के लिए पात्र होंगे। चयन में खेल उपलब्धियों को प्राथमिकता दी जाएगी और समान अंक होने पर ओलंपिक या अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों को वरीयता दी जाएगी। सरकार का यह फैसला राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को सुरक्षित करियर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


