National Uttar Pradesh

कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा से व्यवस्था तक अलर्ट, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

सावन माह और 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मांस और शराब की सभी दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहें। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। गाजियाबाद में आयोजित बैठक में मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सीएम योगी ने कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाले म्यूजिक सिस्टम की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके लिए कांवड़ समितियों, म्यूजिक सिस्टम संचालकों और कारीगरों के साथ समन्वय बनाने को कहा गया है।

यात्रा मार्गों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस और जिला प्रशासन को दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, बिजली व्यवस्था और शिविरों में ताजा व सात्विक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई है। इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होगी।