Jharkhand

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज झारखंड बंद, सड़कों पर BJP, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक ड्रामेबाजी

JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद को देखते हुए रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।

बीजेपी का कहना है कि विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया। पार्टी ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और सीबीआई जांच की मांग उठाई है। बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बंद को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि छात्रों की मांगें पूरी होने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। पार्टी के मुताबिक बंद सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक रहेगा और आवश्यक सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है।

सोमवार को विधानसभा के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। घटना में कई प्रदर्शनकारियों के साथ चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर छात्रों को राजनीतिक फायदे के लिए गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस ने बंद को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है।