भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बावजूद पाकिस्तान में 8 सक्रिय आतंकी कैंप मौजूद हैं। इनमें 6 इंटरनेशनल बॉर्डर के पास और 2 लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास हैं। प्रत्येक कैंप में लगभग 100-150 आतंकी होने का अनुमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि बॉर्डर या एलओसी के पास किसी भी हिमाकत का भारत करारा जवाब देगा।
जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और सेना पूरी तरह अलर्ट है। पाकिस्तान के नेताओं द्वारा परमाणु हथियार को लेकर उकसाने वाली धमकियों को उन्होंने राजनीतिक बयानबाज़ी बताया। ड्रोन सुरक्षा पर फोकस करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता बढ़ा रहा है और मिसाइल फोर्स की तैयारी भी जारी है।
आर्मी चीफ ने घुसपैठ की कोशिशों पर भी कड़ा रुख दिखाया और बताया कि 26 जनवरी के आसपास पाकिस्तानी ड्रोन हमारी तैयारी जानने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन इसे अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही बांग्लादेश में सुरक्षा हालात पर भी निगरानी रखी जा रही है और दोनों देशों की सेनाओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।









