राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने की अपील की है। सरकार ने लोगों से सांस संबंधी स्वच्छता अपनाने, भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाए रखने और लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा है।स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के 2,602 मामले सामने आए हैं। इनमें 2,392 मामले इन्फ्लुएंजा-ए और 210 मामले इन्फ्लुएंजा-बी के हैं। शुक्रवार तक H1N1 के 1,777 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके थे। अकेले गुरुवार को H1N1 के 114 नए मरीज मिले, जिससे संक्रमण की बढ़ती रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एडवाइजरी में लोगों को खांसते या छींकते समय नाक और मुंह ढकने, नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ धोने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने की सलाह दी गई है। सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के करीब जाने से बचने, आंख और नाक को बार-बार न छूने तथा सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की भी अपील की गई है। पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने को कहा गया है।
दिल्ली सरकार का कहना है कि अस्पतालों में पर्याप्त बेड, दवाएं, डॉक्टर और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। 35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा गया है। AIIMS और NCDC में दो रेफरल लैब भी निर्धारित की गई हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। सरकार ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


