राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। 20 नवंबर को 37 जिलों में हुई मतगणना के दौरान कई ऐसे परिणाम सामने आए, जिन्होंने भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को झटका दिया। इन चुनावों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के बड़े पदाधिकारियों के परिवारों को हार का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा चर्चा सीकर जिले की है, जहां भजनलाल सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के तीन सदस्य चुनाव हार गए। उनकी पत्नी शांति देवी श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 17 से 51 वोटों से पराजित हुईं। उनके दोनों बेटे भी जीत हासिल नहीं कर सके। इसके अलावा उनके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी हार मिली।
सीकर में ही DIG अरशद अली की पत्नी जरीना खान को कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो ने 1,627 वोटों से हरा दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति बाटड़ और पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा। अलवर के कठूमर में कांग्रेस सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव और भाजपा विधायक रमेश खींची की दोनों बहुएं चुनाव नहीं जीत सकीं। नागौर के डेगाना में भाजपा विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी को कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका चौधरी ने 1,539 वोटों से हराया।
चूरू में कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनिका बुडानिया भी भाजपा प्रत्याशी से चुनाव हार गईं। वहीं बूंदी में भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा की पत्नी आशा मीणा को कांग्रेस उम्मीदवार ने 5,209 वोटों से शिकस्त दी। अजमेर में पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा की हार भी चर्चा का विषय बनी। इन नतीजों से साफ है कि पंचायत चुनाव में राजनीतिक रसूख और पारिवारिक पहचान हर जगह काम नहीं आई। भाजपा और कांग्रेस दोनों के प्रभावशाली परिवारों को जनता ने नकारा है। हालांकि, इन परिणामों को विधानसभा चुनाव का सीधा संकेत नहीं माना जा सकता, लेकिन ग्रामीण इलाकों में स्थानीय नाराजगी और उम्मीदवारों की लोकप्रियता की अहमियत जरूर सामने आई है।


