हरियाणा में 7 नगर निगम और 6 नगर परिषद-नगर पालिकाओं में चुनाव के लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। अब राज्य चुनाव आयोग मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव अधिकारियों के प्रशिक्षण में जुट गया है। नई मतदाता सूची वार्डवार तैयार होगी और चुनाव ईवीएम से कराया जाएगा।
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में चुनाव होने हैं। इसके अलावा रेवाड़ी, धारूहेड़ा, रोहतक की सांपला और हिसार की उकलाना नगर पालिकाओं में भी चुनाव प्रस्तावित हैं। छह नगर पालिका और नगर परिषदों में रिक्त पार्षद पदों के लिए उपचुनाव होंगे, जिनमें फतेहाबाद, झज्जर, कैथल, महेंद्रगढ़, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं।
इसके साथ ही मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए पंचकूला स्थित शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय में 22 जनवरी को ड्रॉ होगा। हालांकि, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार ने सवाल उठाया है कि क्यों दिसंबर 2024 में प्रदेश के 11 नगर निगमों के मेयर पदों के आरक्षण के लिए एक साथ ड्रॉ नहीं कराया गया। उनका कहना है कि एक साथ ड्राॅ कराने से आरक्षण का रोस्टर अधिक सही और पारदर्शी होता।









