Punjab

GST घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, AAP नेता संजीव अरोड़ा की 55.57 करोड़ की संपत्ति कुर्क

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जीएसटी धोखाधड़ी और उससे जुड़े धनशोधन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा, उनके परिवार और उनसे जुड़ी रियल एस्टेट कंपनी की कुल 55.57 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जारी अंतरिम आदेश के माध्यम से की गई है।

ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में बैंक खाते, सावधि जमा (एफडी), जमीन, व्यावसायिक संपत्तियां और आवासीय अपार्टमेंट शामिल हैं। ये संपत्तियां पंजाब के लुधियाना, हरियाणा के गुरुग्राम और चंडीगढ़ में स्थित हैं। जांच एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई करीब 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। इसी मामले में ईडी ने 9 मई को संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले उनके और उनसे संबंधित संस्थानों पर व्यापक छापेमारी भी की गई थी।

फिलहाल संजीव अरोड़ा न्यायिक हिरासत में हैं और हरियाणा की जेल में बंद हैं। ईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और धनशोधन के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित अवैध लेन-देन से अर्जित धन का इस्तेमाल किन-किन संपत्तियों और व्यावसायिक गतिविधियों में किया गया। ईडी की इस कार्रवाई को मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर आगे भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।