मध्य प्रदेश सरकार ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026’ के दौरान प्रदेश में ‘डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड’ शुरू करने की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव, जनजागरूकता और रचनात्मक डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए कहा कि आज डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि समाज को नई दिशा देने और जागरूकता फैलाने का प्रभावी साधन बन चुके हैं।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान समय का युवा केवल कंटेंट तैयार नहीं कर रहा, बल्कि अपने विचारों और रचनात्मकता के माध्यम से समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति देने का काम भी कर रहा है। उन्होंने जिम्मेदार और सकारात्मक डिजिटल कंटेंट की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में रचनात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार डिजिटल क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित करने के लिए ‘डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड’ की शुरुआत की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और गुणवत्तापूर्ण व जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न डिजिटल क्रिएटर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के अपने प्रयासों पर चर्चा की।


