Punjab

पटियाला कोर्ट का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह समेत पांच लोगों को समन, 20 जुलाई को पेश होने के आदेश

पटियाला की एक अदालत ने वर्ष 2025 से जुड़े एक मामले में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, उनके बेटे राहुल सैनी, ऑफिस इंचार्ज जसबीर गांधी सहित पांच लोगों को 20 जुलाई को अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया है। यह कार्रवाई आम आदमी पार्टी की एक पूर्व जिला नेत्री द्वारा दायर शिकायत पर की गई है। अदालत ने सभी आरोपितों को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह पार्टी कार्यालय पहुंचीं तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की सुनवाई करते हुए चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट एकता सहोता की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत समन जारी किए हैं।

शिकायत एडवोकेट नवदीप कौर वर्मा के माध्यम से दर्ज कराई गई थी। इसमें बीएनएस की धाराएं 114, 115(2), 56, 61, 74, 75, 76, 78, 79, 351, 356 और 3(5) के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। समन पाने वालों में डॉ. बलबीर सिंह, राहुल सैनी, जसबीर गांधी, मंत्री के करीबी पार्षद गुरकिरपाल सिंह और दुकानदार गुरप्रीत सिंह शामिल हैं।