National Politics Tamil Nadu

बड़ी जीत के बावजूद बहुमत से दूर विजय, तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से वह अभी भी दूर है, जिससे राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन गई है।

स्थिति और जटिल इसलिए हो गई है क्योंकि विजय ने दो सीटों—पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट—से जीत दर्ज की है, लेकिन नियम के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इससे पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी। साथ ही, स्पीकर चुने जाने के बाद एक विधायक वोटिंग में हिस्सा नहीं लेगा, जिससे संख्या और घटकर 106 हो सकती है। ऐसे में TVK को सरकार बनाने के लिए कम से कम 12 विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। सरकार गठन के प्रयासों के तहत विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है और बहुमत साबित करने के लिए समय मांगा है। अब सबकी नजर राज्यपाल के अगले कदम पर टिकी है।

इस बीच, अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है। द्रविड़ मुनेत्र कषगम और अन्नाद्रमुक जैसे बड़े दलों के विधायकों को साधने की कोशिशें जारी हैं। विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने भी कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन का संकेत दिया है। राजनीतिक हलचल के बीच विजय के निवास क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।