चांदी के गहने आजकल हर उम्र की महिलाओं की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। इंडो-वेस्टर्न आउटफिट हो या ट्रेडिशनल लुक, सिल्वर जूलरी हर स्टाइल में अलग ही निखार लाती है। लेकिन नमी, पसीना, परफ्यूम और प्रदूषण की वजह से चांदी धीरे-धीरे अपनी चमक खो देती है और उस पर काली परत जमने लगती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं। आपकी रसोई में मौजूद कुछ चीजें ही चांदी को फिर से नया जैसा बना सकती हैं।
एल्युमिनियम फॉयल और बेकिंग सोडा का कमाल
एक गहरे बर्तन में एल्युमिनियम फॉयल बिछाएं और उस पर जूलरी रखें। अब ऊपर से थोड़ा नमक और बेकिंग सोडा डालें, फिर गर्म पानी डाल दें। कुछ ही मिनटों में पानी में रिएक्शन शुरू होगा और जूलरी की काली परत हटने लगेगी। 5 मिनट बाद गहनों को निकालकर साफ पानी से धो लें और मुलायम कपड़े से पोंछ दें।
टूथपेस्ट से इंस्टेंट शाइन
सफेद, बिना जेल वाला टूथपेस्ट हल्के दागों के लिए बेहतरीन है। मुलायम ब्रश या कपड़े पर थोड़ा टूथपेस्ट लें और हल्के हाथ से गहनों पर रगड़ें। फिर पानी से धोकर सूखा लें।
सिरका और बेकिंग सोडा का घोल
आधा कप सिरके में दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसमें जूलरी को कुछ घंटों के लिए भिगो दें। बाद में धोकर सुखाने पर चमक साफ नजर आएगी।
दही या मलाई से सौम्य सफाई
अगर गहने बहुत नाजुक हैं, तो दही या मलाई में कुछ मिनट डुबोकर रखें। हल्के हाथ से साफ करें और गुनगुने पानी से धो लें। इससे पॉलिश भी सुरक्षित रहेगी और चमक भी।
इन आसान उपायों से आप घर बैठे कम खर्च में अपनी चांदी की जूलरी को फिर से दमकता देख सकती हैं।









