शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षकों और TET अभ्यर्थियों के लिए बड़ा ऐलान किया। भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) अब ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के हित में जरूरी फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की दिशा और भविष्य तय करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की मेहनत का सम्मान करती है और शासकीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षा अब केवल किताबों तक सीमित नहीं रह गई है। विद्यार्थियों की रुचि, प्रतिभा और रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था में नवाचार जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का आह्वान किया।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं और कानूनी बाधाओं को दूर करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। समारोह में प्रदेश के 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


