OpenAI ने अपना नया AI मॉडल GPT-6 Astra लॉन्च कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यह उसका अब तक का सबसे इंटेलिजेंट और बेहतर अलाइन्ड मॉडल है। इसे खासतौर पर कंप्यूटर इस्तेमाल करने, वेब ब्राउजिंग, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी, वैज्ञानिक रिसर्च और प्रोफेशनल कामों के लिए तैयार किया गया है। फिलहाल इसे सीमित संगठनों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
GPT-6 Astra की सबसे बड़ी खासियत इसकी कंप्यूटर-यूज क्षमता है। यह यूजर के निर्देशों के आधार पर ऑनलाइन फॉर्म भरने, ग्राहक रिकॉर्ड अपडेट करने और कैलेंडर मैनेज करने जैसे डिजिटल काम खुद कर सकता है। इसके अलावा यह ऑनलाइन रिसर्च, ईमेल और डॉक्यूमेंट का सारांश तैयार करने, वैज्ञानिक डेटा का विश्लेषण करने और चार्ट बनाने में भी मदद कर सकता है। मॉडल वेबसाइट तैयार करने के बाद उसकी क्वालिटी जांचने, सॉफ्टवेयर इंस्टॉल और टेस्ट करने तथा स्क्रीन पर दिखाई देने वाली तकनीकी समस्याओं को पहचानने में भी सक्षम है।
OpenAI के अनुसार, Astra पिछले मॉडल GPT-5.6 Sol से कंप्यूटर आधारित कार्यों में करीब 47 फीसदी तेज है। OSWorld 2.0 टेस्ट में Astra ने 72.6 फीसदी स्कोर हासिल किया, जबकि GPT-5.6 Sol का स्कोर 65.7 फीसदी रहा। सुरक्षा के मामले में भी कंपनी ने सुधार का दावा किया है। Astra यूजर की मंशा को बेहतर समझते हुए तय सीमाओं के भीतर काम करने में सक्षम है। मॉडल ने FrontierMath Tier 4 में 98 फीसदी स्कोर हासिल किया है।


