Entertainment

मधुबाला की Biopic में सारा अर्जुन की एंट्री की चर्चा, भंसाली का बड़ा प्रोजेक्ट तैयार

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ से चर्चा में आईं युवा अभिनेत्री सारा अर्जुन अब अपने करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट की ओर बढ़ती नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सारा को दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की आगामी मधुबाला बायोपिक के लिए लगभग फाइनल कर लिया गया है। हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ‘भारतीय सिनेमा की वीनस’ कही जाने वाली मधुबाला की जिंदगी पर बनने वाली यह फिल्म लंबे समय से चर्चा में है, लेकिन बजट और प्रोडक्शन कारणों से इसमें कई बार देरी हुई। अब बताया जा रहा है कि भंसाली के बतौर निर्माता जुड़ने के बाद प्रोजेक्ट को नई गति मिली है और इसकी शूटिंग जुलाई 2026 में शुरू होने की संभावना है।

सारा अर्जुन की स्क्रीन प्रेजेंस और लुक्स को देखते हुए उन्हें इस रोल के लिए उपयुक्त माना गया है। इससे पहले शरवरी, साई पल्लवी, कल्याणी प्रियदर्शन और अनीट पड्डा जैसी कई अभिनेत्रियों के नाम भी इस भूमिका के लिए सामने आए थे। यह बायोपिक सिर्फ मधुबाला के फिल्मी करियर को ही नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी के पहलुओं को भी दर्शाएगी, जिसमें दिलीप कुमार के साथ उनका रिश्ता और किशोर कुमार के साथ उनकी शादी जैसे महत्वपूर्ण अध्याय शामिल होंगे। साथ ही, उनके जीवन के संघर्ष और अंतिम वर्षों की भावनात्मक कहानी को भी फिल्म में दिखाया जाएगा। फिलहाल फिल्म के अन्य कलाकारों और शीर्षक को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।