उत्तराखंड में पवित्र आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा इस वर्ष 1 मई से शुरू होने जा रही है। इसी दिन जोलिंगकोंग स्थित शिव धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए 28 अप्रैल से ऑनलाइन इनर लाइन परमिट प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से यात्री पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। परमिट जारी करने की प्रक्रिया धारचूला से पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, पेयजल, संचार, सड़क मरम्मत, स्वच्छता और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पिथौरागढ़ कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को यात्रा को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2023 में दौरे के बाद इस यात्रा को व्यापक पहचान मिली, जिसके चलते श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई।
जहां पहले करीब 2000 यात्री आते थे, वहीं 2023 में यह संख्या 28 हजार तक पहुंच गई और पिछले वर्ष 36 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा, चारधाम यात्रा की शुरुआत भी 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ होगी, जहां इस बार विशेष सजावट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में भव्य आयोजन किया जाएगा।









