Entertainment

‘बिग बॉस 20’ में इस बार होगा डबल धमाका! दो घर, ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ और सितारों की लंबी लिस्ट

टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को लेकर फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। शो का आगाज 6 सितंबर 2026 से होने की बात सामने आ रही है और इस बार मेकर्स ने गेम में बड़ा ट्विस्ट जोड़ने की तैयारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीजन की थीम ‘वरदान’ रखी गई है। इस सीजन में घर का फॉर्मेट पहले से बिल्कुल अलग बताया जा रहा है। घर के अंदर दो अलग-अलग मकान तैयार किए गए हैं। खास बात यह है कि किसी कंटेस्टेंट के एलिमिनेट होने पर उसका सफर तुरंत खत्म नहीं होगा। उसे दूसरे घर में जाकर ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ के जरिए गेम में वापसी का मौका मिल सकता है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस बार करीब 20 कंटेस्टेंट्स शो का हिस्सा बन सकते हैं। इनमें से 16 से 17 कंटेस्टेंट्स ग्रैंड प्रीमियर पर एंट्री करेंगे, जबकि बाकी चेहरे बाद में वाइल्डकार्ड के जरिए घर में पहुंच सकते हैं।

संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में रैपर बादशाह की पत्नी और मॉडल-एक्ट्रेस ईशा रिखी का नाम सुर्खियों में है। वहीं टीवी एक्टर अमन गांधी, जिन्हें ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में ऋतिक विरानी के किरदार से पहचान मिली, उनके भी शो में शामिल होने की चर्चा है। इस बार मेकर्स ने एक बड़ा फैसला दर्शकों के हाथ में भी देने की तैयारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिया अहीर और पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल के बीच मुकाबला होगा और दोनों में से किसे बिग बॉस के घर में जगह मिलेगी, इसका फैसला ऑडियंस वोटिंग से हो सकता है।

संभावित नामों में सोशल मीडिया स्टार्स, टीवी कलाकार, भोजपुरी सितारे और रियलिटी शो के चर्चित चेहरे शामिल बताए जा रहे हैं। अंजलि अरोड़ा, अर्शिफा खान, आम्रपाली दुबे, मैरी कॉम, गीता बसरा और सुनील पाल जैसे नामों की चर्चा ने शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि, इनमें से कई नामों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शो का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 से होगा। इसे JioHotstar पर रात 9 बजे और Colors TV पर रात 10:30 बजे प्रसारित किए जाने की बात कही जा रही है। दो घरों का नया फॉर्मेट, एक्स्ट्रा जीवनदान और चर्चित चेहरों की संभावित एंट्री—इन सबके बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘बिग बॉस 20’ का पहला सरप्राइज कौन होगा?