National

पतंजलि घी विवाद पर बाबा रामदेव का जवाब, बोले- ‘हमारा घी सबसे शुद्ध, किसी टेस्ट में नहीं हुआ फेल’

पतंजलि के घी में कथित मिलावट के आरोपों को लेकर योगगुरु बाबा रामदेव ने बुधवार को अपनी सफाई दी। उन्होंने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पतंजलि का घी देश ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों में भी बिकता है और अब तक किसी भी जांच में यह फेल नहीं हुआ है। रामदेव ने दावा किया कि कंपनी का घी पूरी तरह शुद्ध है और दूसरी कंपनियों के उत्पादों से बेहतर है। बाबा रामदेव ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से उनके स्वास्थ्य को लेकर भी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कई तरह की गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके घुटने, हृदय या हर्निया का कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है। उनका कहना था कि एम्स या मेदांता समेत किसी अस्पताल में उनकी ऐसी कोई सर्जरी नहीं हुई। पतंजलि के घी को लेकर उन्होंने कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि कंपनी नकली घी बेचती है। रामदेव के मुताबिक, पतंजलि घी में हड्डी, चर्बी या वनस्पति घी जैसी चीजों का इस्तेमाल नहीं किया जाता।

यह विवाद बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के आरोपों के बाद शुरू हुआ था। बृजभूषण ने पतंजलि के घी की कीमत और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए लोगों से खुद दूध से घी तैयार करने की बात कही थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि जब करीब 30 किलो दूध से एक किलो घी तैयार होता है तो कम कीमत में घी की बिक्री कैसे संभव है। रामदेव ने बताया कि बुधवार को उनकी बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात हुई। उनके अनुसार, बातचीत के दौरान बृजभूषण की गलतफहमी दूर हुई और दोनों पक्षों ने विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई। वहीं, पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने इन आरोपों को लेकर बृजभूषण के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा भी दायर किया है।