Chandigarh Haryana Punjab

पीएम मोदी उत्तर भारत को देंगे 26,800 करोड़ की सौगात: जालंधर से नई रेल और सड़क परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपने उत्तर भारत के दौरे की शुरुआत जींद से करे चुके है, जिसके तहत वे पूरे दिन पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुल 26,800 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरे का मुख्य केंद्र जालंधर रहेगा, जहाँ प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देश के 20 राज्यों में संवारे गए 75 आधुनिक स्टेशनों का वर्चुअली लोकार्पण भी करेंगे। इन स्टेशनों को ‘विरासत भी, विकास भी’ की तर्ज पर स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के अनूठे मिश्रण के साथ तैयार किया गया है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, नंगल डैम-तलवाड़ा-मुकेरियां नई रेल लाइन परियोजना के तहत 830 करोड़ रुपये से बनी दौलतपुर चौक-करतोली लाइन का भी उद्घाटन किया जाएगा।

यह रेल लाइन श्री आनंदपुर साहिब और मां चिंतपूर्णी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगी। इसके अलावा, अमृतसर से वाराणसी के लिए नई ‘श्री संत रविदास एक्सप्रेस’ के संचालन से श्रद्धालुओं को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही, पंजाब में 3,070 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन कर प्रधानमंत्री क्षेत्र में सड़क परिवहन को भी नई गति प्रदान करेंगे।