केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इथेनॉल आधारित वाहनों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अक्टूबर में टोयोटा की 100% इथेनॉल पर चलने वाली फ्लेक्स-फ्यूल इनोवा के लॉन्च की उम्मीद है। गडकरी के मुताबिक, यह कार चलते समय करीब 60% बिजली भी पैदा कर सकती है और पेट्रोल के मुकाबले इसका प्रभावी खर्च लगभग 25 रुपये प्रति लीटर बैठ सकता है।
गडकरी ने E20 पेट्रोल को लेकर उठी चिंताओं पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भारत में वाहनों से जुड़ी ऐसी कोई सही शिकायत सामने नहीं आई है। उन्होंने इथेनॉल उत्पादन को किसानों की आय और देश की ऊर्जा जरूरतों से भी जोड़ा। उनके अनुसार, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से इथेनॉल उत्पादन बढ़ने से किसानों को आर्थिक लाभ मिल रहा है।
इसके अलावा गडकरी ने बाइक टैक्सी को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने राज्यों से दोपहिया वाहन मालिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए टैक्सी सेवा से जोड़ने की अपील की। गडकरी ने दावा किया कि इस मॉडल से बिना बड़े निवेश के देश में 10 करोड़ तक रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।


