Bilaspur Himachal National

राष्ट्रपति मुर्मू का बिलासपुर में भव्य स्वागत, एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में मेधावियों को बांटी डिग्रियां

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर पहुंचीं, जहां उनका मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बिलासपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन के बाद राष्ट्रपति एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। संस्थान के लिए यह दिन बेहद खास रहा, क्योंकि पहली बार आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण और पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रपति के हाथों डिग्री प्रदान की गई। वहीं, शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति से सम्मान हासिल करना विद्यार्थियों के लिए गर्व और यादगार पल रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के परिजनों के साथ एम्स बिलासपुर के अधिकारी और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का संदेश दिया। एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह को लेकर संस्थान में विशेष तैयारियां की गई थीं। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित प्रदेश और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

वहीं, राष्ट्रपति के प्रस्तावित अटल टनल रोहतांग दौरे को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सुरक्षा कारणों से मंगलवार शाम 8 बजे से बुधवार दोपहर 12 बजे तक पलचान से अटल टनल की ओर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।