Punjab

पंजाब में बड़ी साजिश नाकाम, AK-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ आरोपी गिरफ्तार

त्योहारों से पहले पंजाब में अमन-शांति बिगाड़ने की कथित कोशिश को अमृतसर देहाती पुलिस ने नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से AK-47 राइफल, मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरनतारन जिले के चीमा खुर्द निवासी बब्बा पुत्र भोला सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में आरोपी के विदेशी ताकतों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि हथियारों की यह खेप पाकिस्तान से सीमा पार कर भारत लाई गई थी।

बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसे सौंपे जाने थे और इनके पीछे किसी बड़ी वारदात की साजिश तो नहीं थी। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

मामले में अमृतसर के घरिंडा थाने में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियारों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।